
सावन के तीसरे सोमवार को देवढ़ी के स्वयंभू शिव मंदिर में हुआ धार्मिक अनुष्ठान, बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
जमानियां (गाजीपुर)। सावन के तृतीय सोमवार के अवसर पर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम देवढ़ी स्थित स्वयंभू शिव मंदिर में धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया और भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इसके बाद विधिवत पूजन एवं हवन संपन्न हुआ। अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है। रुद्राभिषेक भगवान शिव की आराधना का महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है। उन्होंने कहा कि इस पूजा के माध्यम से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि के साथ-साथ विश्व कल्याण की कामना की गई है। उन्होंने कहा, “भगवान भोलेनाथ सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें तथा क्षेत्र को खुशहाल बनाएं। क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे और विकास कार्यों को निरंतर गति मिले, यही भगवान शिव से हमारी प्रार्थना है।” विधायक ने कहा कि धार्मिक आयोजन लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी के सुखद, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की। इस मौके पर सपा विधानसभा तहसील अध्यक्ष अनिल यादव, प्रतिनिधि मन्नू सिंह, बबलू सिंह, सुशील सिंह, सुरेंद्र सिंह, पंकज सिंह, मुलायम यादव, प्रमोद यादव, मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
