गाजीपुर। वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान के लिए समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर तिवारी ने बताया कि नवीनीकरण श्रेणी के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। वहीं नवीन छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विद्यालयों द्वारा नवीनीकरण छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अग्रसारण 11 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। जबकि नवीन आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि छात्रवृत्ति से संबंधित सभी प्रक्रियात्मक कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।इच्छुक छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथियों के भीतर छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति प्रणाली की वेबसाइट पर कर सकते हैं।