गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल सान्निध्य में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के पीआरडी जवानों को संबोधित करते हुए उनके हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही कैशलेस हेल्थ कार्ड सहित अन्य कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से सम्मेलन में उपस्थित पीआरडी जवानों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल ने जवानों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पीआरडी जवानों से पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, भाजपा कार्यालय प्रभारी राजन प्रजापति, समस्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी तथा पीआरडी जवान उपस्थित रहे। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का समापन हुआ।