गाजीपुर। विकास भवन सभागार में परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जिले के प्रत्येक विकासखंड से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। बैठक में किसानों ने सिंचाई, विद्युत व्यवस्था, पशु टीकाकरण और कृषि योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
किसान दिवस में सहायक अभियंता, लघु सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर परियोजना निदेशक ने उनका वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को बताया कि कैच क्रॉप के रूप में बोई जाने वाली तोरिया के निःशुल्क बीज के लिए बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। किसान नजदीकी जनसेवा केंद्र अथवा अपने मोबाइल से तोरिया बीज की बुकिंग करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले किसानों के लिए ई-लॉटरी 20 या 21 अगस्त को प्रस्तावित है। इसकी जानकारी किसानों को समाचार पत्रों और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से दी जाएगी। पीएम किसान योजना के तहत फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान 16 से 21 अगस्त तक ग्रामवार चलाया जा रहा है। जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं बन पाई है और अंश निर्धारण हो चुका है, वे संबंधित लेखपाल, जनसेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर जल्द रजिस्ट्री कराने की अपील की गई।
बैठक में किसानों ने पशुओं के एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) टीकाकरण की मांग भी उठाई। किसान शिवकुमार राय ने सियाड़ी गांव में टीकाकरण नहीं होने की शिकायत की। वहीं पवन यादव ने ताड़ीघाट और जितेंद्र राय ने मिर्जाबाद में टीकाकरण कराने का अनुरोध किया। किसान चंद्रबली राय ने जमानिया पंप कैनाल से निकलने वाले ताड़ीघाट रजवाहा, ढाढ़नी से चौरी माइनर तक टेल तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत की। कृष्णानंद राय ने उतरौली गांव में क्षतिग्रस्त चेकडैम की मरम्मत की मांग की, जिससे करीब 150 हेक्टेयर खेत प्रभावित होने की बात कही गई। किसान ईश्वर शरण उपाध्याय ने महरौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग की। वहीं पकड़ी गांव के किसान अनूप राय ने जर्जर विद्युत तार बदलने और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है और सिंचाई में भी परेशानी हो रही है। किसान दिवस में अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।