गहमर(गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के मां कामाख्या धाम गेट से 50 मीटर पूर्व जल निगम की टंकी का पाइप लीकेज होने से हजारों लीटर पानी बह कर खेतों में बर्बाद हो रहा है। इन सब के बावजूद जलकल विभाग मौन साध रखा है।
बता दें कि क्षेत्र के खुदरा (पथरा) गांव में लगे जल निगम की टंकी का पाइप लीकेज होने से जहां इसका पानी टीवी रोड के आसपास खेतों में जमा होकर फसल की बर्बादी कर रहा है वहीं इसी टंकी से जुड़े गांव करहियां में पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गयी है साथ ही इसी टंकी से मां कामाख्या धाम पर भी पानी की ठीक से सप्लाई नहीं हो पा रही है।नवरात्र और भीषण गर्मी में पानी की सप्लाई नहीं होने से करहियां गांव के लोगो में खासा आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विगत अगस्त माह से ही पाइप लीक हो गया है। इस समस्या के समाधान हेतु हमने विभाग के आपरेटर,जेई और एक्सियन से गुहार लगाते-लगाते थक गए हैं लेकिन हमारी इस समस्या का आज तक समाधान नही हो पाया है जिसके कारण हम मजबूरी में कुए का दूषित पानी पीने को विवश हैं जिससे किसी भी क्षण संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। करहिया गांव निवासी संतोष, राहुल, पंकज, नीरज, राजेंद्र, राम मनोरथ, जय सिंह, मुन्ना आदि लोगो ने चेताया कि अगर तत्काल लीकेज ठीक करा कर गांव में पानी की सप्लाई नहीं शुरू की गई तो हम आंदोलन को बाध्य होंगे। इस संबंध में जेई नलकूप दिवाकर विक्रम सिंह ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में है जल्द ही लीकेज ठीक करा कर सप्लाई सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।