गाजीपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सप्त दिवसीय शिविर के अंतर्गत बुधवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने रक्तदान जागरूकता रैली निकाली। यह रैली ददरी घाट महुआ बाग से मिश्र बाजार तक गई, जिसे महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनीता कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान छात्राओं ने “रक्तदान महादान, इससे बड़ा ना कोई दान”, “रक्तदान अपनाओ, सबका जीवन बचाओ”, और “ब्लड को डोनेट करें, इंसानियत को प्रमोट करें” जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
स्वास्थ्य पर चर्चा और CPR प्रशिक्षण:
रैली के उपरांत छात्राओं ने शिविर में लौटकर सूक्ष्म जलपान ग्रहण किया। दोपहर 12 बजे स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बीती सिंह ने किशोरियों की स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पीसीओडी, पीसीओएस, रक्तहीनता जैसी समस्याओं को समझाते हुए संतुलित दिनचर्या, सही नींद, व्यायाम और हेल्दी डाइट के महत्व पर जोर दिया।
प्राचार्य प्रो. अनीता कुमारी ने छात्राओं को स्वस्थ रहने के लिए जंक फूड और फास्ट फूड से दूर रहते हुए भारतीय भोजन अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम अधिकारी नेहा कुमारी ने एनोरेक्सिया नर्वोसा, बुलिमिया नर्वोसा और बीएमआई के बारे में जानकारी देते हुए छात्राओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी।
CPR प्रशिक्षण से बढ़ा जीवन रक्षा का ज्ञान:
संगोष्ठी के दूसरे चरण में दैनिक जागरण और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर के डॉ. प्रभात कुमार ने “समझें CPR, करें हृदय का बचाव” विषय पर छात्राओं को प्रशिक्षित किया। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में CPR देने की विधि का प्रदर्शन कर जीवन रक्षा के महत्वपूर्ण कौशल सिखाए।
कार्यक्रम में रही विशेष उपस्थिति:
इस कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामनाथ केसरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ओम शिवानी ने किया। संगोष्ठी में पूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित यादव, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीष कुमार सोनकर, डॉ. गजनफर सईद सहित सभी स्वयंसेवी छात्राएं उपस्थित रहीं।