गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के जगहतपुर गांव के पास बुधवार को सड़क किनारे झाड़ियों में नवजात बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव लाल कपड़ों में लिपटा हुआ था, जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगहतपुर निवासी एक व्यक्ति जब सड़क किनारे से गुजर रहा था, तो उसने झाड़ियों में नवजात का शव देखा। इसकी खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।ग्रामीणों के बीच यह चर्चा थी कि किसी अविवाहित महिला ने लोक-लाज के डर से नवजात को फेंक दिया होगा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में भांवरकोल थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।