गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में बीते सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कब्रिस्तान की चहारदीवारी का गेट अचानक गिरने से दो मासूम बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में 5 वर्षीय चंदा, पुत्री सुरेंद्र बनवासी, गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। इस दुर्घटना में घायल दूसरी बच्ची, गुड़िया (पुत्री श्यामबहादुर बनवासी), का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पखनपुरा गांव की बनवासी बस्ती के बच्चे कब्रिस्तान के पास खेल रहे थे। इसी दौरान चहारदीवारी का गेट अचानक गिर पड़ा, जिससे दोनों बच्चियां दब गईं। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।