गाजीपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर स्थित नंदगंज बाजार में सड़क किनारे पटरी पर दुकानदारों द्वारा सामान फैलाकर बेचने से आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार के स्टेशन चौराहा, चोचकपुर तिराहा, सौरम मोड़, पुरानी सब्जी मंडी से लेकर शादियाबाद मोड़ तक यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है।
दुकानदार सड़क से सटे पटरियों पर अपनी दुकानें लगा लेते हैं, जिससे पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों और छोटे वाहनों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है। विशेष रूप से दोपहर में विद्यालयों की छुट्टी के समय छात्रों और स्कूली बसों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चोचकपुर तिराहा से शादियाबाद मोड़ तक जाम की स्थिति अक्सर बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
वाहन चालकों और दुकानदारों के बीच विवाद:
इसके अलावा, सड़क किनारे वाहन खड़ा करने की वजह से भी समस्या और बढ़ जाती है। दुकानदार जब वाहन चालकों को वहां गाड़ियां न लगाने के लिए कहते हैं, तो कई बार विवाद और गाली-गलौज की नौबत आ जाती है।
सबसे अधिक समस्या पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में:
सुबह और शाम के समय पुरानी सब्जी मंडी के पास सबसे अधिक परेशानी होती है। शाम होते ही दोनों पटरियों पर सब्जी विक्रेता दुकानें लगा लेते हैं, जिससे कुछ मिनटों के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
प्रशासन से समाधान की मांग:
बाजारवासियों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि इस समस्या का संज्ञान लेते हुए पटरी पर लगी दुकानों को हटाया जाए, ताकि आवागमन सुचारू रूप से हो सके और लोगों को परेशानी से राहत मिले।