गाजीपुर। केन्द्रीय बजट 2025-26 देश के समग्र विकास, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और जन-जन के उत्थान के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह बात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर ने बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय, छावनी लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि बजट में आयकर नियमों में छूट, नए संस्थानों के सृजन, शहरी समृद्धि और आम आदमी की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही, सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों, महिलाओं और मजदूरों के कल्याण के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं, जिससे नागरिकों की आय में वृद्धि और जीवन स्तर में सुधार होगा।
मेक इन इंडिया से मेक फॉर वर्ल्ड की दिशा में कदम:
पूर्व सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मेक इन इंडिया’ से ‘मेक फॉर वर्ल्ड’ की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। सरकार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन क्षमता का विकास आर्थिक वृद्धि का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसी दिशा में आंगनबाड़ी और पोषण-2 कार्यक्रमों को सशक्त किया गया है।
कृषि क्षेत्र में सुधार और रोजगार के अवसर:
विद्यासागर सोनकर ने कहा कि बजट में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की घोषणा की गई है, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, कृषि क्षेत्र में रोजगार की कमी को दूर करने के लिए एक व्यापक, बहु-क्षेत्रीय ग्रामीण समृद्धि और लचीलापन कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिससे कौशल विकास, निवेश और तकनीकी माध्यमों से कृषि में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
देश के विकास को मिलेगी नई गति:
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट 2025-26 विकसित भारत की गति निर्धारित करने का लक्ष्य रखता है और यह स्वीकार करता है कि देश की असली शक्ति उसके लोगों में निहित है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख नवीन श्रीवास्तव और जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।