गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर द्वारा आयोजित बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा गुरुवार से गाजीपुर स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुरू हो गई। परीक्षा के पहले दिन एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया, जिसे तत्काल रिस्टीकेट कर दिया गया।
गाजीपुर के स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 20 बी.एड. कॉलेजों के परीक्षार्थियों के लिए केंद्र बनाया गया है। गुरुवार को आयोजित प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा में कुल 1157 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1121 उपस्थित हुए, जबकि 26 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित की गई।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी गई। स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग के साथ निरंतर संपर्क रखा जा रहा है। परीक्षा केंद्र पर सीओ सिटी सुधाकर पाण्डेय की मौजूदगी में पुलिस बल और पीएसी के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया गया। परीक्षार्थियों को मोबाइल, स्मार्टवॉच, पर्स, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या नकल सामग्री लाने की अनुमति नहीं दी गई।
नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थी पर हुई कार्रवाई
परीक्षा कक्षों की गहन जांच के दौरान एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया। विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। जांच टीम में मुख्य कुलानुशासक प्रो. (डॉ.) एस. डी. सिंह परिहार, प्रो. (डॉ.) एस.एन. सिंह, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार यादव, डॉ. राम दुलारे, डॉ. योगेश, डॉ. गोपाल यादव, डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव और डॉ. प्रतिमा सिंह शामिल रहे। प्राचार्य प्रो. पाण्डेय ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग न करें और ईमानदारी से परीक्षा दें।