गाजीपुर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अंतर्गत संचालित उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड समन्वित विकास कार्यक्रम के तहत माटीकला टूल्स किट्स वितरण योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में प्रजापति समाज के 50 पारंपरिक कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चाक वितरित किए गए। साथ ही, एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, डॉ. संगीता बलवन्त के द्वारा 22 फरवरी 2025 को श्री राम लक्ष्मण जानकी मंदिर (कुम्हार वंशज) प्रांगण, ग्राम एवं पोस्ट रौजा, जल निगम रोड, जनपद गाजीपुर में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कारीगरों को मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, माटीकला पुरस्कार योजना एवं माटीकला कॉमन फैसिलिटी सेंटर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कुम्हार संघ के जिला अध्यक्ष श्री राजन कुमार प्रजापति उपस्थित रहे। उन्होंने माटीकला उत्पादों के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले अनुकूल प्रभावों के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक कारीगरों को इन योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में आवेदन करने हेतु कारीगरों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के समापन के पश्चात मिट्टी के पात्रों में सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर विभागीय वरिष्ठ सहायक रविश कुमार दूबे, कनिष्ठ सहायक पवन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग एवं माटीकला कारीगर उपस्थित रहे।