गाजीपुर। बिहार से प्रयागराज महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की एक पिकअप वैन गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन पर सैदपुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर के पास पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 36 में से 23 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा चालक को झपकी आने से हुआ
जानकारी के अनुसार, पिकअप में बिहार के छपरा जिले से 36 श्रद्धालु सवार थे, जो प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए जा रहे थे। बीती रात करीब 2 बजे महरूमपुर के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्रारंभिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रशासन मुहैया करा रहा हर संभव सहायता
स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है। पुलिस द्वारा परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।