गाजीपुर। जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घटते जनाधार को लेकर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व गंभीर चिंता जता रहा है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी मेहनत करें, क्योंकि इस बार कुछ अलग और खास होने जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा वाराणसी में आयोजित काशी-तमिल संगम कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान गाजीपुर के युवा नेता आदित्य सिंह ने उनका स्वागत किया और जिले की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की।
इस संदर्भ में आदित्य सिंह ने बताया कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा गाजीपुर में पार्टी की स्थिति को लेकर गंभीरता से मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश स्पष्ट है—युवा मेहनत करें, इस बार सभी को उचित अवसर दिया जाएगा। नड्डा के इस बयान से युवाओं में नया जोश देखा जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनावों में भाजपा अपने वादों पर कायम रहती है या फिर कोई नया राजनीतिक निर्देश सामने आता है।