गाजीपुर। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव के पास रविवार सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में महाकुंभ से लौट रहे छह श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना मोहम्मदाबाद थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घायल श्रद्धालु बलिया जनपद के गड़वार और हलधर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, बोलेरो चालक सुरेश कुमार हादसे के बाद फरार हो गया। मोहम्मदाबाद कोतवाल शैलेश मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।