जमानिया। थाना क्षेत्र के देवढ़ी गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रुद्रेश कुमार सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी न केवल पैसे वापस करने से इंकार कर रहा है, बल्कि उसे गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पीड़ित के अनुसार, 17 फरवरी 2025 को जब वह अपने खेत से होकर गुजर रहा था, तभी उसकी मुलाकात आरोपी रामविलास पाशी से हुई। जब पीड़ित ने अपनी 18,000 रुपये की बकाया रकम वापस मांगी, तो आरोपी आग-बबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
रुद्रेश का कहना है कि 22 फरवरी 2025 को जब वह थाना गेट के पास था, तब आरोपी ने उसे देख लेने और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने एससी/एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी।पीड़ित ने मामले में एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।