रेवतीपुर। स्थानीय ब्लॉक के हसनपुरा ग्राम पंचायत में हुए उपचुनाव में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान ऋषिकेश राय का शनिवार को ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सहायक विकास अधिकारी पंचायत शशि प्रकाश राय ने नवनिर्वाचित प्रधान ऋषिकेश राय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित प्रधान का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
शपथ लेने के बाद ऋषिकेश राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य गांव को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और रुके हुए विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक बिना भेदभाव पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर सचिव विनीत राय, लेखाकार हरिशंकर प्रधान, दीनबंधु राय, रामप्रवेश, महेंद्र उपाध्याय, हीरा राम, अजीत राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।