जमानियां। तहसील सभागार में शनिवार को तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक कुमार ने की। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 10 पीड़ित फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। इनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाला हर फरियादी समस्या समाधान की उम्मीद लेकर आता है, इसलिए उसका त्वरित निस्तारण करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील दिवस पर आने वाला कोई भी व्यक्ति निराश न लौटे और पारदर्शिता के साथ नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही एसडीएम ने जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, विकासखंड अधिकारी बृजेश कुमार अस्थाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।