गाजीपुर। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “टीबी मुक्त भारत” अभियान का सपना साकार हो सके। इस क्रम में जनपद गाजीपुर में इस वर्ष कुल 104 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। इन पंचायतों की सत्यापन सूची मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील पाण्डेय ने जिलाधिकारी (डीएम) आर्यका अखौरी को एनआईसी कक्ष में प्रस्तुत की।
सत्यापन प्रक्रिया और टीम गठन
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील पाण्डेय ने बताया कि ब्लॉक स्तर से कुल 127 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने का दावा पेश किया गया था। इसके सत्यापन के लिए 16 टीमों का गठन किया गया, जिनमें स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग और क्षय रोग विभाग के अधिकारी शामिल थे। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य थे, जिनमें मेडिकल कॉलेज गाजीपुर के चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारी, वरिष्ठ ट्रीटमेंट पर्यवेक्षक, वरिष्ठ लैब पर्यवेक्षक, डीपीपीएमसी, जिला कार्यक्रम समन्वयक आदि सम्मिलित थे। इस टीम के अध्यक्ष सीएमओ डॉ. सुनील पाण्डेय और सहयोगी जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजय कुमार थे।
ग्राम पंचायतवार आंकड़े
सत्यापन के बाद जनपद गाजीपुर की 104 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया। ब्लॉकवार आंकड़े निम्नलिखित हैं:
देवकली – 18
करंडा – 12
कासिमाबाद – 09
भांवरकोल – 08
जमानियां – 08
सदर – 07
बाराचवर – 05
मरदह – 05
भदौरा – 04
मनिहारी – 04
मोहम्मदाबाद – 11
रेवतीपुर – 04
सादात – 03
सैदपुर – 03
जखनियां – 01
सम्मान समारोह 24 मार्च को
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में केवल 12 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हुई थीं, जिन्हें 02 अक्टूबर 2024 को कांस्य रंग की गांधीजी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था। इस वर्ष 2024 में 104 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हुई हैं, जिनमें पिछले वर्ष की 10 पंचायतें दोबारा सूची में शामिल हैं। इन 10 पंचायतों को इस बार सिल्वर रंग की गांधीजी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।शेष 94 पंचायतों को कांस्य रंग की गांधीजी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह 24 मार्च 2025 (विश्व टीबी दिवस) को आयोजित होगा, जहां जिलाधिकारी आर्यका अखौरी इन सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित करेंगी।
उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी
टीबी मुक्त पंचायतों की सूची प्रस्तुत करने के दौरान जिला क्षय रोग केंद्र गाजीपुर के डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, डीपीपीएमसी अनुराग पाण्डेय, राधेश्याम यादव, रवि प्रकाश सिंह, शुभम चौबे, सुनील वर्मा, संजय यादव, वैटेश्वर प्रसाद शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।