गाजीपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय, प्रकाशनगर, गाजीपुर स्थित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केंद्र में नए सत्र (अप्रैल 2025 – मार्च 2026) के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस केंद्र में अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन की प्रक्रिया और पात्रता
इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, तथा बैंक पासबुक की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों के साथ कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 24 मार्च 2025 निर्धारित की गई है।
आयु सीमा: 01 अप्रैल 2025 को अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
शैक्षिक योग्यता: न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण तथा हाईस्कूल में अंग्रेजी विषय अनिवार्य होना चाहिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम
चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के दौरान हिन्दी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, लेखांकन (Accountancy), सचिवीय पद्धति, प्रारंभिक गणित, टंकण (Typing), आशुलिपि (Stenography) और कंप्यूटर ज्ञान से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन पत्र प्राप्ति एवं चयन प्रक्रिया
आवेदन पत्र किसी भी कार्य दिवस में जिला सेवायोजन कार्यालय, प्रकाशनगर, भुतहियाताड़, गाजीपुर से प्राप्त और जमा किया जा सकता है। अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।