गाजीपुर। जनपद गाजीपुर में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमिता श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर 4 मार्च 2025 को दोपहर 12:30 बजे विकास खंड जखनिया, जनपद गाजीपुर में आयोजित होगा। इसमें शिक्षित बेरोजगारों, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक प्रशिक्षित युवाओं, परंपरागत कारीगरों सहित अन्य इच्छुक प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना एवं मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इस शिविर का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।