जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के मतसा गाँव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक और चार पहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार नर्वेश सिंह यादव (46 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पटकनियां थाना सुहवल के निवासी थे।
हादसे के बाद वाहन फरार, ग्रामीणों ने किया पीछा
हादसे के बाद चार पहिया वाहन चालक मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने वाहन का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण वह उनकी आँखों से ओझल हो गया।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, पुलिस ने किया शव कब्जे में
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को हटाकर, क्षतिग्रस्त बाइक सहित कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
होली के दिन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पत्नी श्याम सुंदरी देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीण उन्हें सांत्वना देने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनके आँसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिजनों ने बताया कि नर्वेश सिंह यादव किसी काम से जमानियां में रिश्तेदारी गए थे और लौटते समय मतसा प्राथमिक विद्यालय के समीप यह हादसा हुआ।मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। नर्वेश सिंह यादव अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे और खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
पुलिस कर रही वाहन की तलाश
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गाजीपुर भेजा गया है। हादसे के बाद फरार वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।