गाजीपुर। जिलाधिकारी अर्यका अखौरी ने तहसील मुहम्मदाबाद के अंतर्गत मनिया गांव में लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-1) द्वारा निर्मित किए जा रहे रामतल्ला-समतल्ला संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। यह मार्ग अनुसूचित जाति एवं जनजाति संपर्क मार्ग के अंतर्गत बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग की गुणवत्ता की जांच के लिए खुदाई करवाई। उन्होंने पाया कि लगभग 1.50 किमी तक जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) दब गई है, जिससे मार्ग की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इस पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इस खामी को दूर किया जाए और मार्ग की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया लेकिन गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य को तय मानकों के अनुसार पूरा किया जाए।