गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा प्रदेश में महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में माह मार्च के तृतीय बुधवार, 19 मार्च 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे जनपद गाजीपुर में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक के लिए राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती गीता बिन्द को नामित किया गया है। यह बैठक निरीक्षण भवन/गेस्ट हाउस, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, गाजीपुर में आयोजित की जाएगी।
इस जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में संबंधित जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक या उनके द्वारा नामित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थाना अध्यक्ष और संबंधित थाने के क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा की जाएगी और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।महिला आयोग द्वारा आयोजित इस जनसुनवाई में पीड़ित महिलाएं अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रख सकती हैं। अधिकारियों ने महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस बैठक में भाग लेने की अपील की है, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।