जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम बरुईन स्थित खेल मैदान में मंगलवार को बबुआन स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच अभईपुर और बरुईन की टीमों के बीच खेला गया।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि खेल से ही खिलाड़ी की पहचान होती है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मस्तिष्क को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी जब अपनी टीम के लिए पूरी तन्मयता से खेलता है, तो वह अपनी पहचान बनाता है और यही पहचान उसे राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने में सहायक बनती है।
बरुईन ने 7.2 ओवर में हासिल की जीत
आठ ओवर के इस रोमांचक मुकाबले में टॉस जीतकर बरुईन की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी अभईपुर की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में सभी विकेट गंवाकर 57 रन बनाए। जवाब में बरुईन की टीम ने 7.2 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और प्रतियोगिता में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
अभिषेक सिंह बने मैन ऑफ द मैच
बरुईन की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले अभिषेक सिंह ने 25 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर गोल्डी सिंह, अनिल यादव, प्रमोद यादव, लक्ष्मण शर्मा, अमित सिंह गोलू, रणधीर सिंह, ऋषि, पंकज सिंह, अनिकेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।