जमानियां। तहसील क्षेत्र के किसुनीपुर गांव में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक झोपड़ी में अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में झोपड़ी में रखे सामान के साथ-साथ चार बकरियां, तीन बकरे और एक बाइक जलकर राख हो गए। गांव निवासी प्रेमशंकर राम की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से लगी आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग में झोपड़ी और पुआल भी जलकर राख
इस अग्निकांड में झोपड़ी पूरी तरह जल गई और पशुओं के चारे के लिए रखा गया 400 आटी पुआल भी राख में तब्दील हो गया। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रशासन ने किया मुआवजे का आश्वासन
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की है। प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग की गई है। इस संबंध में तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने बताया कि हल्का लेखपाल द्वारा घटना की रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है। जिसके आधार पर मुआवजे की फाइल तैयार की जा रही है और जल्द ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
ग्रामीणों ने की आर्थिक सहायता की मांग
इस घटना ने प्रेमशंकर राम के परिवार को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि परिवार को राहत मिल सके।