गाजीपुर। जमानियां स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन का आयोजन बेहद सक्रिय और उत्साहजनक रहा। शिविर की शुरुआत प्रार्थना, लक्ष्य गीत, शिविर स्थल की सफाई और पौधों को पानी देने के साथ हुई। इसके बाद डॉ. विजय श्याम पांडेय ने स्वयंसेवकों और सेविकाओं को योगाभ्यास कराया, जिसमें उन्होंने अनुलोम-विलोम, पद्मासन, मूलाधार, स्वाधिष्ठान और ध्यान के गुणों की जानकारी दी। उन्होंने शिविरार्थियों को संकल्प शक्ति से जुड़े श्रेष्ठ विचार भी प्रस्तुत किए।
शिविरार्थियों ने टीम बनाकर महाविद्यालय परिसर के क्रीड़ा स्थल की सफाई कर उसकी तस्वीर ही बदल दी। शिविर के द्वितीय सत्र में मिथिलेश कुमार ने संस्कृति मंत्रालय और हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में एकात्म अभियान के अंतर्गत ध्यान का प्रथम सत्र आयोजित किया। इस दौरान शिविरार्थियों को रिलैक्सेशन और ध्यान के महत्व पर चर्चा की गई। बौद्धिक सत्र में डॉ. सुनील चौधरी ने ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार युवा निश्चित रूप से देश को बेहतर भविष्य की ओर ले जा सकता है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में डॉ. लाल चंद पाल ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा, ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक अपनी मंजिल तक न पहुंच जाओ।’ उन्होंने स्वामी विवेकानंद को युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
डॉ. अमित कुमार ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन युवा शक्ति को राष्ट्रहित में अपनी सकारात्मक ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि आज राष्ट्र के समक्ष जितनी भी चुनौतियां हैं, उनका डटकर सामना करने का संकल्प लेना होगा। 
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्रीनिवास सिंह, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह, विजय पांडेय, अनिवेष पांडेय, आशुतोष, अभिरंजन, पप्पू कुमार, दिग्विजय सहित अन्य गणमान्य लोग और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।