गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित रायफल क्लब सभागार में सीएम डैशबोर्ड दर्पण पर मासिक स्टाफ बैठक आयोजित हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित एवं विवादित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे राजस्व कार्यों में सरकार की मंशा के अनुरूप तत्परता से कार्य करें ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक सुगमता से पहुंच सके। उन्होंने राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुराने मुकदमों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को पांच वर्ष से अधिक पुराने मुकदमों को प्रतिदिन सुनने और समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने धारा 24, धारा 116 और धारा 80 के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। तहसीलदारों को धारा 67 की सुनवाई और निष्पादन में गंभीरता बरतने का निर्देश दिया गया, जबकि उप जिलाधिकारियों से इसकी नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
भूमि आवंटन और पट्टा मामलों की समीक्षा
बैठक में जिलाधिकारी ने सीमा स्तंभ, कृषि भूमि पट्टा, आवासीय भूमि आवंटन, कुम्हारीकलां पट्टा आवंटन, अंश निर्धारण और अंश संशोधन की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटल सहायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।