गाजीपुर। सदर विधायक जैकिशन साहू को उत्तर प्रदेश विद्युत स्थायी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। समिति की बैठक ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें विधायक साहू ने गाजीपुर जिले की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
विधायक जैकिशन साहू ने जानकारी दी कि उनके द्वारा दिए गए प्रस्तावों का उद्देश्य जिले में विद्युत आपूर्ति को सुचारू और दुरुस्त करना है। इस पर ऊर्जा मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन प्रस्तावों पर जल्द ही सर्वे शुरू किया जाएगा। सर्वेक्षण के बाद आवश्यक कार्यवाही पूरी करके जिले की विद्युत व्यवस्था को मजबूत और कारगर बनाया जाएगा। स्थायी समिति की इस बैठक में जिले की विद्युत संबंधी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक साहू ने कहा कि जनहित में यह कदम जिले की जनता को राहत देने वाला साबित होगा।