जमानिया। नगर के पटखौलिया मोहल्ला स्थित एक मैरेज हॉल को किराये पर लेकर शराब की दुकान खोलने की योजना का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। शुक्रवार को मोहल्ले के निवासियों ने उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार को ज्ञापन सौंपकर आबादी क्षेत्र में दुकान न खोलने की मांग की।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर चिंता
पटखौलिया मोहल्ला निवासी कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता गायत्री गुप्ता के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने दुकान खोले जाने का विरोध जताया। निवासियों का कहना है कि शराब की दुकान खुलने से मोहल्ले में सामाजिक और नैतिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
23 मार्च को होगा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन
स्थानीय नागरिकों ने निर्णय लिया है कि इस मुद्दे को लेकर 23 मार्च 2025 को सुबह 10 बजे उक्त मैरेज हॉल के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। गायत्री गुप्ता ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उन्हें लोकतांत्रिक और विधि-सम्मत तरीके से विरोध दर्ज कराने के लिए धरना-प्रदर्शन की अनुमति दी जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।
उपजिलाधिकारी ने दिया समाधान का आश्वासन
उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने ज्ञापन प्राप्त कर नागरिकों को आश्वासन दिया कि वह इस मामले में उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का प्रयास करेंगे। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।