गाजीपुर। शहर के स्टेशन चौराहा पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पोस्टमार्टम हाउस में तैनात चंद्रशेखर रावत की रील बनाते समय गिरने से मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर रावत इलेक्ट्रिक रिक्शा की छत पर चढ़कर डांस करते हुए रील बना रहे थे। इसी दौरान रिक्शा चालक ने अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे चंद्रशेखर असंतुलित होकर जमीन पर गिर गए। गिरने के बाद वे अचेत हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत ई-रिक्शा से सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उनके बेटे सूरज, बहू और बेटी अस्पताल पहुंचे। वहीं, विशेश्वरगंज चौकी इंचार्ज रोहित द्विवेदी को सूचना देकर पंचायतनामा की प्रक्रिया शुरू कराई गई और शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।