गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देशानुसार जनपद गाजीपुर में 30 मार्च (रविवार) और 31 मार्च (ईद-उल-फितर) को साप्ताहिक और सार्वजनिक अवकाश के बावजूद कुछ बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। यह निर्णय वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतिम चरण में शासकीय लेन-देन की अधिकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।जिलाधिकारी ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक की गाजीपुर, सैदपुर, जमानियां और मुहम्मदाबाद शाखाओं के अलावा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की जखनियां शाखा और कोषागार कार्यालय इन दोनों दिनों में सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे।
31 मार्च को रात 10 बजे तक लेन-देन की सुविधा
विशेष रूप से 31 मार्च 2025 को शासकीय भुगतान और राजस्व प्राप्ति हेतु बैंक रात 10:00 बजे तक खुले रहेंगे। साथ ही, जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि शासकीय लेन-देन से संबंधित सभी सूचनाएं और लेखा विवरण प्रत्येक दशा में समय पर शासन और महालेखाकार उत्तर प्रदेश को प्रेषित किया जाएं।
अगले कार्यदिवस में कोषागार को भेजना अनिवार्य
राजकीय लेन-देन से संबंधित सभी सूचनाएं और लेखा विवरण को अगले कार्यदिवस में कोषागार को अनिवार्य रूप से भेजना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने इस व्यवस्था को समयबद्ध और सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।