जमानिया। थाना क्षेत्र के बेटाबर गाँव में एक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अंजली देवी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि गाँव के ही गौतम कुमार ने पहले उनके पति को फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। जब अंजली देवी ने इस बारे में आरोपी से पूछताछ की तो उसने उनके साथ मारपीट की, जोर-जबरदस्ती की और अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपी ने उनका मुंह दबाने की कोशिश की। पीड़िता ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसियों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना 112 पुलिस को भी दी गई थी। अगले दिन पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।