जमानिया(गाजीपुर)। जमानिया क्षेत्र के दक्षिण-पूर्वी छोर पर स्थित देवढ़ी गांव में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में 1 अप्रैल 2025 को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जब ठेकेदार और आबकारी विभाग के अधिकारी एन.के. मिश्रा दुकान का उद्घाटन करने पहुंचे, तो गांव के पुरुषों और महिलाओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
ग्रामीणों और ठेकेदार के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसमें मुरारी सिंह, रुद्रेश सिंह, वीरबहादुर सिंह और अमित सिंह ने विरोध दर्ज कराया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कुछ ग्रामीण आक्रोशित होकर हाथापाई पर उतर आए। हालात बिगड़ते देख जमानिया कोतवाल और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रशासन की मध्यस्थता के बाद नया भूमि निरीक्षण कर दुकान को देवढ़ी गांव से डेढ़ से दो किलोमीटर उत्तर दिशा में मुख्य सड़क पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। एसडीएम अभिषेक कुमार ने आश्वासन दिया कि दुकान गांव के बाहर ही खुलेगी। प्रशासन के इस निर्णय से ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और वे इस निर्णय पर सहमत हो गए।