गाजीपुर। जनपद में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के सटीक आंकड़े तैयार करने के लिए क्रॉप कटिंग प्रयोग किया जाता है। इस प्रक्रिया के माध्यम से ओलावृष्टि, भारी वर्षा और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान के आधार पर बीमा राशि निर्धारित की जाती है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने ग्राम अकरमपुर उर्फ बंजारीपुर, विकास खंड सदर गाजीपुर में कृषक श्री केदार यादव के खेत पर गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग कराई। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक गाजीपुर, तहसीलदार सदर, अपर सांख्यिकी अधिकारी, नायब तहसीलदार, कानूनगो, जिला समन्वयक फसल बीमा, ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे। क्रॉप कटिंग प्रक्रिया के दौरान 10 X 10 X 10 मीटर क्षेत्रफल का चयन किया गया, जिसमें 22.72 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। यह जानकारी दी गई कि इस प्रयोग के परिणामों के आधार पर ही बीमा कंपनियां किसानों को प्रतिपूर्ति प्रदान करती हैं और आगे की कृषि रणनीति तय की जाती है।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही, कृषि विभाग के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान पर संकर बाजरे का बीज भी वितरित कराया गया। जनपद में श्रीअन्न (मोटे अनाज) की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा किसानों को अनुदान पर बाजरे का बीज वितरण किया जा रहा है। इस पहल से क्षेत्रीय किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अधिक उत्पादन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।