गाजीपुर। आजादी के अमृत काल में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती गाजीपुर जनपद में बड़े ही धूमधाम और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” थीम के अंतर्गत 14 से 28 अप्रैल तक चलने वाले 15 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, परियोजना निदेशक राजेश यादव समेत अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने डॉ. आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने डॉ. आंबेडकर के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब ने समाज को एक समानता के सूत्र में बांधने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में बाबा साहब का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने समाज में समता, समान अधिकार और न्याय की अवधारणा को स्थापित किया। उनका जीवन संघर्ष, लगन और वंचित वर्ग के प्रति करुणा का प्रतीक रहा।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि जो अपने सुखों का त्याग कर देश की सेवा करें, ऐसे महान व्यक्तित्व को नमन है। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही देश को आगे ले जा सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का सपना था कि समाज के सभी वर्ग एक पंक्ति में खड़े हों। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, मताधिकार और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने डॉ. आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को “विविधता में एकता” के सिद्धांत पर संगठित करने वाला संविधान प्रदान किया, जो एक राष्ट्र के रूप में भारत की आधारशिला बना। अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि संविधान ने हर वर्ग और जाति को बराबरी का दर्जा दिया है। बाबा साहब की सोच थी कि कोई भी गरीब व्यक्ति समस्याओं से न जूझे और हर किसी को न्याय मिले।
मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के कारण आज भारत दुनिया में एक सफल लोकतंत्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे बाबा साहब की जीवनी और उनके साहित्य को पढ़ें और उनके विचारों को आत्मसात करें। गाजीपुर मुख्यालय के साथ-साथ समस्त तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी बाबा साहब की जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर चंद्रशेखर यादव, आशुतोष कुमार सहित कलेक्ट्रेट और विकास भवन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।