गाजीपुर। नंदगंज बाजार स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) के सामने बीते एक माह से सड़क पर घरों का गंदा पानी बहने से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो-तीन घरों से नियमित रूप से गंदा पानी सड़क पर बहाया जा रहा है, जिससे अस्पताल के सामने की सड़क और पटरी पर चलना दूभर हो गया है। आए दिन अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और बाजार में कार्य से आने-जाने वाले महिलाओं-पुरुषों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी पैदल चलने वालों को हो रही है। सड़क पर फैले गंदे पानी में कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। गंदे पानी के कारण सड़क पर लगभग 50 से 100 मीटर तक जलभराव हो गया है। जब वाहन उस पानी से गुजरते हैं तो कीचड़ उड़कर पैदल चलने वालों के कपड़े खराब कर देते हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित घरों से बहने वाले गंदे पानी की निकासी पर तत्काल रोक लगाई जाए और स्थायी समाधान किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।