गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के सभी विषयों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 अप्रैल 2025 से शुरू की जा रही है। यह जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने दी।
प्रो. पाण्डेय ने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.pgcghazipur.ac.in पर लॉग इन कर 16 अप्रैल से 15 जून 2025 के मध्य ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा आवेदन फार्म भर सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रवेश परीक्षा हेतु परीक्षा शुल्क भी वेबसाइट के माध्यम से ही ऑनलाइन जमा किया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को राहत देते हुए यह भी बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात प्रवेश फॉर्म की हार्ड कॉपी कॉलेज में जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि किसी भी छात्र को ऑनलाइन फॉर्म भरने के दौरान कोई तकनीकी समस्या आती है, तो वह कार्यालय समय में महाविद्यालय के कार्यालय में संपर्क कर सकता है या वेबसाइट पर दिए गए हेल्पलाइन नंबर का सहारा ले सकता है। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि, प्रवेश परीक्षा की तिथि, परीक्षा परिणाम एवं काउंसलिंग से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियाँ समय-समय पर कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएंगी।