जमानिया (गाज़ीपुर)। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है। ताजा मामला सोमवार की रात जमानिया स्टेशन बाजार का है, जहां चोरों ने दो दुकानों को अपना निशाना बनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने राधा कृष्ण मंदिर के पास स्थित किराना व्यापारी रमाशंकर जायसवाल के गोदाम का ताला तोड़ दिया। रमाशंकर जायसवाल, जो स्वर्गीय जगदीश प्रसाद के पुत्र हैं, ने बताया कि उनके गोदाम से करीब 15 लीटर रिफाइंड तेल, डालडा घी, सरसों का तेल और पत्तल समेत करीब चालीस हजार रुपए मूल्य का सामान चोरी हो गया है। चोरी की दूसरी घटना ठीक बगल में स्थित मोटरसाइकिल मिस्त्री मुमताज की दुकान की है, जहां चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर सामान की तलाश की।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों में भय व्याप्त है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके का निरीक्षण किया गया है। फिलहाल पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।