जमानिया। तहसील परिसर स्थित विभिन्न दुकानों की नीलामी अब 24 अप्रैल 2025 को दोपहर 12 बजे तहसील सभागार में आयोजित की जाएगी। पूर्व में यह नीलामी 12 अप्रैल को प्रस्तावित थी, किंतु उस दिन अवकाश होने के कारण इसकी तिथि आगे बढ़ा दी गई है। इस संबंध में जानकारी नीलामी अधिकारी एवं तहसीलदार रामनरायण वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह नीलामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित है, जिसमें चाय, पूड़ी, मिठाई की दुकान (कैंटीन में), फोटो स्टेट व टाइप की दुकान (तहसील गेट के बगल में), फोटो स्टेट व टाइप की दुकान (शौचालय के पीछे), तथा साइकिल स्टैंड (तहसील परिसर) शामिल हैं।
तहसीलदार श्री वर्मा ने बताया कि नीलामी केवल वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ही मान्य होगी। इस नीलामी को स्वीकृत या अस्वीकृत करने का अंतिम अधिकार उपजिलाधिकारी, जमानिया के पास सुरक्षित रहेगा। सफल बोलीदाता को नीलामी के तुरंत बाद संपूर्ण धनराशि तत्काल जमा करनी होगी।
नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों को साइकिल स्टैंड के लिए 5,000 रुपये तथा अन्य दुकानों के लिए 10,000 रुपये की जमानत राशि जमा करनी अनिवार्य होगी। तहसील प्रशासन द्वारा नीलामी की सूचना नायब नाजिर कार्यालय, खंड विकास अधिकारी कार्यालय, नगर पालिका परिषद सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर नोटिस बोर्ड के माध्यम से चस्पा कर दी गई है। प्रशासन ने सभी इच्छुक लोगों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।