जमानिया, गाज़ीपुर। स्थानीय थाना पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। यह गिरफ्तारी हेतिमपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान की गई। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान पिन्टू कुमार (34 वर्ष), निवासी ग्राम लबेदहों, थाना रामगढ़, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब लेकर बिहार जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हेतिमपुर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की। थोड़ी देर बाद एक व्यक्ति पीले रंग के प्लास्टिक बोरे के साथ आता दिखाई दिया, जिसे रोकने पर वह भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में पिन्टू कुमार ने स्वीकार किया कि वह शराब बिहार ले जा रहा था। बोरे की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें रखे 8 पीएम ब्रांड की 180 एमएल वाली अंग्रेजी शराब के कुल 48 पाउच बरामद हुए। अभियुक्त के पास शराब से संबंधित कोई वैध प्रपत्र नहीं था। उसकी लोअर की जेब से ₹300 नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने 4 पाउच को नमूने के रूप में सील कर सुरक्षित किया, जबकि शेष 44 पाउच को उसी बोरे में सील किया गया। अभियुक्त को धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत रात 9:40 बजे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई और मौके की वीडियोग्राफी कराई गई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।