गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के थाना खानपुर क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उचौरी डबल मर्डर केस में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी शाहिल उर्फ बिल्लू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना खानपुर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि डबल मर्डर केस में शामिल आरोपी शाहिल उर्फ बिल्लू ग्राम उचौरी में हाथ-पैर बंधा पड़ा है। तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी खानपुर ले जाया गया। सूचना स्वाट टीम को भी दी गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को सैदपुर क्षेत्र में छिपाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस जब उसे मौके पर लेकर पहुंची तो उसने बरामद पिस्टल से अचानक पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल 7.62 एमएम, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
शाहिल उर्फ बिल्लू पुत्र आफताब, निवासी ग्राम उचौरी, थाना खानपुर, गाजीपुर।
आपराधिक इतिहास:
1. मुकदमा संख्या 94/25, धारा 191(2), 191(3), 103(1) BNS व 7 CLA एक्ट, थाना खानपुर।
2. मुकदमा संख्या 95/25, धारा 109(1) BNS व 3/25 आर्म्स एक्ट, थाना खानपुर।
गिरफ्तार करने वाली टीम:
थाना प्रभारी खानपुर मय हमराह पुलिस टीम।
स्वाट टीम प्रभारी मय टीम।
पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और विधिक कार्यवाही की जा रही है।