रेवतीपुर, गाजीपुर। स्थानीय शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय डेढ़गांव में बुधवार को वार्षिकोत्सव, शारदा संगोष्ठी एवं माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ओपी राय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के टॉपर व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि श्री राय ने इस मौके पर ‘स्कूल चलो अभियान’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से नौ बच्चों का नामांकन कर उन्हें स्टेशनरी सामग्री वितरित की और फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार परिषदीय विद्यालयों को हाईटेक और डिजिटल सुविधाओं से लैस करने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी विद्यालयों में भी निजी स्कूलों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छात्र-छात्राएं भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली पाठशाला उनकी मां होती है, इसलिए माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बीईओ अशोक कुमार गौतम ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से परिषदीय विद्यालयों को निजी स्कूलों के समकक्ष लाने में मदद मिलती है। उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
इस अवसर पर रामनरेश कुशवाहा, प्रधानाध्यापक अरुण राय, संत कुमार गुप्ता, इंद्रासन यादव, चंद्रशेखर त्रिपाठी, जयशंकर राय, अखिलेश यादव, प्रफुल्ल राय, प्रवीण वर्मा, भरत गुप्ता, बाबूलाल सिंह, विनीत प्रकाश, अभिषेक यादव, शुभम यादव और रुक्मणि राय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।