जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव निवासी रानी यादव ने अपने पति अर्जुन कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने विश्वासघात करते हुए दूसरी शादी कर ली और अब उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
रानी यादव ने बताया कि अर्जुन कुमार, निवासी जलालपुर, पोस्ट सोसराय, थाना सोसराय, जिला नालंदा (बिहार), ने उसके साथ धोखा किया और दूसरी शादी कर संतान भी उत्पन्न की। इस मामले में पीड़िता ने 4 सितंबर 2024 को पहले ही एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर के बाद से ही अर्जुन द्वारा लगातार फोन पर धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता के अनुसार, अर्जुन कुमार फोन पर धमकी देता है कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो वह जान से मार देगा और हाथ-पैर काट देगा। विवाहिता ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबर और प्रमाण भी पुलिस को सौंपे हैं।
रानी यादव ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर आरोपी अर्जुन कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।