गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के लखमीपुर ग्राम पंचायत में निर्मित पेयजल योजना का निरीक्षण गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक सुहैब अंसारी ने किया। यह योजना जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित की ज रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने नलकूप, पम्प हाउस, रइजिंग मेनउस कनेक्शन, सोलर सिस्टम तथा बाउंड्रीवाल और गेट सहित सभी कार्यों की समीक्षा की। सभी कार्य पूर्ण पाये गये। योजना के तहत 375 घरों में हाउस कनेक्शन के माध्यम से सोलर सिस्टम द्वारा ऑटोमेटेड पद्धति से नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों ने विधायक को अवगत कराया कि अब उन्हें नियमित और स्वच्छ जल आपूर्ति मिल रही है, जिससे गांव में हर्ष का माहौल है। मौके पर विधायक सुहैब अंसारी ने ग्रामवासियों को शुद्ध पेयजल के महत्व के बारे में जागरूक किया और उन्हें दैनिक जीवन में स्वच्छ जल के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल से स्वास्थ्य सूचकांक (हेल्थ इंडेक्स) में सुधार आएगा।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत की एफटीके महिलाओं ने जल गुणवत्ता की जांच भी की, जिसमें पानी पीने योग्य पाया गया।
इस अवसर पर जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता मो. कासिम हाशमी, सहायक अभियंता दिवाकर विक्रम सिंह व अमरनाथ यादव, कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज झा और डीसी-डीपीएमयू श्री राजाराम भी मौजूद रहे।