गाजीपुर। जिले में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील जमानियां में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने संयुक्त रूप से की। समाधान दिवस के दौरान कुल 53 शिकायतें व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
जिले की अन्य तहसीलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सम्पूर्ण समाधान दिवस के तहत कुल 289 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 27 का निस्तारण तत्काल किया गया।
तहसीलवार विवरण इस प्रकार रहा:
सेवराई: उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 20 शिकायतें प्राप्त, 3 का मौके पर निस्तारण।
मुहम्मदाबाद: 34 शिकायतें प्राप्त, 3 का निस्तारण।
सदर: 41 शिकायतें प्राप्त, 5 का निस्तारण।
कासिमाबाद: 51 शिकायतें प्राप्त, 4 का निस्तारण।
जखनियां: 62 शिकायतें प्राप्त, 1 का निस्तारण।
सैदपुर: 28 शिकायतें प्राप्त, 6 का मौके पर निस्तारण किया गया।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त शिकायतों का शीघ्रता से स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उपजिलाधिकारी जमानियां, तहसीलदार जमानियां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।