गाजीपुर। शहर के महाजनटोली निवासी युवा व्यापारी एवं उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सक्रिय कार्यकर्ता मनीष कुमार उर्फ भोलू पर गुरुवार देर रात मनबढ़ युवकों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, रायगंज मुहल्ले के कुछ युवक राह चलती युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे थे। मनीष अपने एक मित्र के साथ उन्हें समझाने पहुंचे थे। इसी दौरान नाराज युवकों ने मनीष पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग एकत्र हुए और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित की तहरीर पर शहर कोतवाली में एक नामजद व छह अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शहर कोतवाल दीनदयाल ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, घटना के बाद व्यापारी वर्ग में भारी रोष व्याप्त है। उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश केशरी उर्फ गुड्डू केशरी ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि समय सीमा के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संगठन एसपी डॉ. ईरज राजा से मिलकर न्याय की मांग करेगा और व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।