जमानिया। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बा बाजार स्थित सट्टी बाजार में बीते 6 अप्रैल की सुबह हुई चोरी की घटना ने व्यापारियों में दहशत का माहौल बना दिया है। शनिवार को पीड़ित दुकानदारों ने कोतवाली पहुंचकर तीन युवकों के विरुद्ध तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
किराना दुकानदार शौकत अंसारी, निवासी अंसारी मोहल्ला, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 6 अप्रैल की सुबह अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान के गल्ले से ₹8000 नकद चुरा लिए। वहीं, उनकी दुकान के ठीक सामने स्थित खालिद अंसारी की पान दुकान से करीब 20 पैकेट सिगरेट और ₹600 नकद चोरी कर लिए गए।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन युवकों की संलिप्तता उजागर हुई। फुटेज के आधार पर इनकी पहचान कस्बा बाजार क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के रूप में हुई है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि वीडियो में तीनों युवकों को योजना बनाकर चोरी करते साफ देखा जा सकता है। शौकत अंसारी ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी गई रकम व सामान की बरामदगी की जाए।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।