गाजीपुर, नंदगंज। जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के डिहिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पूनम पासी के रूप में हुई है, जिसका शव घर के भीतर पंखे से लटका मिला। पूनम पासी की शादी वर्ष 2023 में पूर्व विधायक सुभाष पासी के भतीजे विनीत पासी से हुई थी। दोनों का एक 11 माह का बेटा भी है।
मृतका के पिता जयराम पासी की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व विधायक सुभाष पासी, उनकी पत्नी रीना पासी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख माता पासी और मृतका के पति विनीत पासी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित पिता ने लगाए गंभीर आरोप
जयराम पासी का आरोप है कि उनकी बेटी पूनम को ससुराल पक्ष द्वारा एक लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न किया गया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
इन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।