रेवतीपुर (गाज़ीपुर)। स्थानीय गाँव से एनएच-24 को ब्लॉक मुख्यालय होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तक जोड़ने वाले करीब तीन सौ मीटर लंबे मार्ग पर दशकों से चली आ रही जलनिकासी की समस्या का समाधान अब संभव होता दिख रहा है। शासन ने इस मार्ग पर पक्का नाला बनाने की मंजूरी दे दी है और इसके लिए तीस लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत कर दिया है।
बजट स्वीकृति और अनुमति मिलने के बाद नाले के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और क्षेत्र पंचायत निधि से कार्य तेजी से जारी है। निर्माण कार्य की निगरानी खुद अधिकारी पल-पल कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि नाले का निर्माण कार्य तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। अब तक लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूरा भी हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नाले का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर जलनिकासी की समस्या पिछले लगभग तीस वर्षों से बनी हुई थी। बरसात के मौसम में यह मार्ग पूरी तरह झील में तब्दील हो जाता था, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्य ने जानकारी दी कि पक्के नाले का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे निर्धारित अवधि में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नाले के बन जाने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या का समाधान हो जाएगा और लोगों को आवागमन में भी काफी सहूलियत मिलेगी।
